![]()
चंडीगढ़ बुधवार 22 अप्रैल 2026 आर के विक्रमा शर्मा अनिल शारदा हरीश शर्मा अश्वनी शर्मा रक्षत शर्मा प्रस्तुति——-#बिस्कुटऔर ब्रेड की जन्म से लेकर कामयाब चलन तक की कहानी 🥰अब तो हमारे जीवन में ब्रेड और बिस्कुट जिस तरह शामिल हैं, उससे लगता ही नहीं कि कभी इन दोनों चीजों का भारत में बहुत विरोध हुआ था. खासकर हिंदुओं के द्वारा. इन्हें छू भर लेने से बहुत हायतौबा मचता था.
अगर किसी ने खा लिया तो हाहाकार. ये म्लेच्छों का धर्मभ्रष्ट करने वाला खाना था. लेकिन उसके बाद कैसे 200 से 250 सालों में बिस्कुट और ब्रेड ने पुख्ता तरीके से भारतीयों के जीवन में जगह बना ली. उसकी भी रोचक कहानी है.
अब सुबह नाश्ते में चाय के साथ ब्रेड और बिस्कुट. सैंडविच. स्वादिष्ट ब्रेड आमलेट. शाम की चाय के साथ बिस्कुट. मेहमान आएं तो चाय बिस्कुट. बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को अच्छे लगते हैं बिस्कुट. वैसे तो भारत में इसे सबसे पहले गोवा आए पुर्तगाली लेकर आए लेकिन बड़े पैमाने पर ईस्ट इंडिया कंपनी के साथ अंग्रेज.
ब्रेड और बिस्कुट को भारत के जीवन में अनिवार्य तौर पर शामिल होने की कहानी केवल खाने की आदत बदलने की नहीं है, बल्कि भारत में औपनिवेशिक सत्ता, धर्म, सामाजिक छुआछूत और आधुनिकता के टकराव की भी कहानी है. ब्रेड और बिस्कुट आज जितने आम हैं, 18 और 19वीं सदी में उतने ही “संदिग्ध” माने जाते थे.
गोवा में पुर्तगालियों ने 16वीं सदी में “पाव”-जैसी ब्रेड शुरू की – स्थानीय या छोटे स्तर पर. असली बदलाव ब्रिटिश राज में हुआ, जब मुंबई, कलकत्ता, मद्रास जैसे बड़े शहरों में अंग्रेज़ों ने नरम, लीवन्ड ब्रेड-लोफ़ की फैक्टरी-स्टाइल बेकरी लगाईं. बेकरी कल्चर ने इस तरह भारत में दस्तक दी.
तब बेकरी अंग्रेज अफसरों से लेकर सैनिकों के लिए बेकरी लोफ ब्रेड और लंबे समय तक टिकने वाले हार्ड बिस्किट बनाती थीं. भरूच और सूरत में अंग्रेज़ों ने पहली बेकरी खोलीं, वहां अंडे और ताड़ी के इस्तेमाल की वजह से ऊंची-जाति हिंदू काम नहीं करते थे.
Hindu Biscuit Co. Ltd. की स्थापना 1890 के दशक में दिल्ली में की गई. ताकि वहां तैनात ब्रिटिश सैनिकों और रूढ़िवादी हिंदू आबादी के लिए बिस्कुट की मांग को पूरा किया जा सके. ये बिस्कुट केवल उच्च जाति के हिंदुओं द्वारा ही बनाए जाते थे. courtesy – Hemant X handle.
शुरू में इसे म्लेच्छ खाना माना गया
भारतीयों ने शुरू में इनका विरोध किया. इसके गहरे धार्मिक और सामाजिक कारण थे. वो इसे म्लेच्छ का खाना मानते थे. इन्हें “अंग्रेजों का खाना” माना जाता था. अंग्रेजों को कई हिंदू समाजों में “म्लेच्छ” कहा जाता था यानी अशुद्ध. उनके हाथ का बना खाना खाने से “जाति भ्रष्ट” हो सकती थी. खासकर उच्च जातियों में इसका कड़ा विरोध था.
19वीं सदी और काफी हद तक 20वीं सदी के मध्य तक भारतीयों की रसोई बहुत पारंपरिक थी. अपने घर में पका खाना खाते थे. बहुत जरूरी होता था कि खाना बना कौन रहा है. ब्रेड बाहर से बनकर आती थी. उसमें पड़ने वाले खमीर को संदिग्ध माना जाता था. इसलिए लोग कहते थे कि ये खाना अपवित्र है, इसे छूना भी नहीं चाहिए.
1857 के विद्रोह के दौरान ये अफवाह फैली कि अंग्रेज भारतीयों को “धर्म भ्रष्ट” करने के लिए खाने-पीने में हस्तक्षेप कर रहे हैं. कारतूस में गाय और सूअर की चर्बी की बात से अविश्वास जो बढ़ा तो वो खाने-पीने की चीजों पर जा पहुंचा. इस माहौल में ब्रेड-बिस्कुट और संदिग्ध बन गए.
दिल्ली में लगभग 1911 में बना ‘हार्ड टैक’ राशन बिस्किट, जिसमें खासतौर पर ये लिखा है कि ये हिंदू बिस्कुट है.
बंगाली स्वतंत्रता सेनानी, लेखक और शिक्षाविद बिपिन चंद्र पाल ने अपने संस्मरण ‘ सत्तर बत्सर’ में पूर्वी बंगाल के कच्छर जिले में बिस्कुट को लेकर हिंदुओं में मचे बवाल का वर्णन किया है. पाल ने लिखा, “जब नए अंग्रेजी-शिक्षित मध्यम वर्ग ने अपने ड्राइंग रूम में चाय के साथ बिस्कुट खाए, तो यह खबर कच्छर से सिलहट तक फैल गई. कठोर प्रायश्चित के बाद ही विद्रोही खुद को बहिष्कृत होने से बचा सके.”
रोचक बात ये भी है कि इसे जितना वर्जित माना गया, उतना ही ये आकर्षित करता गया. जयिता शर्मा ऑक्सफोर्ड हैंडबुक ऑफ फूड हिस्ट्री में अपने निबंध ‘फूड एंड एम्पायर’ में लिखती हैं कि धार्मिक नियमों से बचने के लिए, उच्च जाति के हिंदू स्कूली बच्चे अपने मुस्लिम सहपाठियों को इन “अवैध स्वादों” को लाने के लिए मना लेते थे.
फिर बदलाव कैसे आया
ये बदलाव धीरे-धीरे कई रास्तों से आया. कलकत्ता, बंबई, मद्रास में पढ़े-लिखे भारतीयों ने इसे अपनाना शुरू किया. अंग्रेजी शिक्षा और नौकरी करने वाले लोग ब्रेड खाने लगे. पारसी और भारतीय ईसाई समुदाय ने भी बेकरी चलानी शुरू की. इससे विश्वास बढ़ने लगा कि इसे भारतीयों द्वारा बनाया जा रहा है तो खाया जा सकता है. #


