![]()
चंडीगढ़ रविवार 31/05/2026 अल्फा न्यूज़ इंडिया डेस्क — स्थानीय सेक्टर-32 मेडिकल कॉलेज के लिए 1422 करोड़ रुपये मंजूर, तीन चरणों में निर्माण सम्पन्न होगा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेक्टर-32 स्थित डॉ. मंगल सेन मेडिकल कॉलेज प्रोजेक्ट के पहले चरण के लिए 1422.20 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी थी।
हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और पंचकूला के विधायक ज्ञान चंद गुप्ता के प्रयासों से पंचकूला में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना रंग लाई।
सेक्टर-32 मेडिकल कॉलेज के लिए 1422 करोड़ रुपये मंजूर, तीन चरणों में होगा निर्माण
परियोजना के तहत आवासीय परिसर खेल मैदान, स्वीमिंग पूल व अन्य आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी
परियोजना के तहत मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, आवासीय परिसर, खेल मैदान, स्वीमिंग पूल तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मेडिकल कॉलेज का निर्माण तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में सात मंजिला अस्पताल भवन, आठ मंजिला मेडिकल कॉलेज भवन, दो मंजिला ऑडिटोरियम, 14 मंजिला गर्ल्स और इंटर्न हॉस्टल, 10 मंजिला चिकित्सक आवास, दो पंप रूम, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, नर्सिंग आवास सहित अन्य आवश्यक ढांचागत सुविधाएं तैयार की जाएंगी। परियोजना क्षेत्र में 18 से 25 मीटर चौड़ी बाहरी सड़कें तथा 6 मीटर चौड़ी आंतरिक सड़कें भी बनाई जाएंगी।
पहले चरण को स्वीकृति मिलने के बाद कंसल्टेंट ने टेंडर प्रक्रिया के लिए दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दस्तावेज तैयार होते ही टेंडर जारी किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने दिसंबर 2025 में विधानसभा सत्र के दौरान इस परियोजना की फाइल अधिकारियों से मंगवाई थी।

इसके बाद विस्तृत चर्चा कर जनवरी 2026 में इसे मंजूरी प्रदान की गई। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे चरण में 14 एकड़ क्षेत्र में रेजिडेंस ब्लॉक, गेस्ट हाउस, स्पोर्ट्स ब्लॉक, स्वीमिंग पूल और अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें बास्केटबॉल और बैडमिंटन हॉल भी शामिल होगा।

