![]()
चंडीगढ़, 26 जुलाई2026 —- विश्व हिंदू परिषद, चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी एवं हिंद संग्राम परिषद के प्रमुख सलाहकार महंत मनोज शर्मा (मनु जी महाराज) ने केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह को पत्र लिखकर देशभर के करोड़ों शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं को लेकर भावनात्मक अपील की है।महंत मनोज शर्मा ने कहा कि सावन का पावन महीना करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, तप, त्याग और भगवान शिव के प्रति समर्पण का प्रतीक है। हर वर्ष भारत के कोने-कोने से शिवभक्त सैकड़ों किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा कर पवित्र गंगा जल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और राष्ट्रभावना का जीवंत स्वरूप है।उन्होंने कहा कि इस वर्ष वे चंडीगढ़ से “भारत को विश्वगुरु बनाने” तथा “गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने” का संकल्प लेकर कांवड़ यात्रा करेंगे और भगवान शिव से राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की प्रार्थना करेंगे।महंत मनोज शर्मा ने गृहमंत्री से आग्रह किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर में श्रद्धालुओं के लिए रहने, भोजन, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सरकारी स्तर पर सुनिश्चित की जाए तथा सभी राज्य सरकारों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसी भी शिवभक्त को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।उन्होंने अपने पत्र में एक गंभीर सुरक्षा विषय का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें पूर्व में आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-खालसा की ओर से जान से मारने की धमकी मिलने का दावा है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि कांवड़ यात्रा में ऐसे अन्य श्रद्धालु भी शामिल हो सकते हैं, जिन्हें आतंकवादी या असामाजिक तत्वों से खतरा हो।महंत मनोज शर्मा ने मांग की कि जिन व्यक्तियों के संबंध में सुरक्षा एजेंसियां वास्तविक खतरे की पुष्टि करें, उन्हें नियमानुसार आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि “हर शिवभक्त का जीवन अनमोल है। जो श्रद्धालु राष्ट्र और धर्म की भावना से यात्रा कर रहे हैं, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।”उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार शिवभक्तों की आस्था का सम्मान करते हुए उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रभावी कदम उठाएगी, जिससे देशभर में कांवड़ यात्रा और अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हो सके।l


