![]()

चंडीगढ़ 16 मार्च 2025 आरके विक्रमा शर्मा अनिल शारदा हरीश शर्मा बीरबल शर्मा प्रस्तुति— श्री ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ की कार्यकारिणी की एक बैठक चंडीगढ़ के भगवान परशुराम भवन सैक्टर 37 में प्रधान यशपाल तिवारी की अध्यक्षता में हुई। वर्तमान कार्यकारिणी की अवधि तीन साल के कार्यकाल पूर्ण होने पर मार्च 2025 को समाप्त हो रही है। श्री ब्राह्मण सभा के उप प्रधान प्रदीप शर्मा ने बताया कि कुछ कारणवश सभा के चुनाव 23 मार्च 2025 को नहीं हो पाएंगे। इसलिए चुनाव स्थगित किए जा रहे हैं। बैठक में सभा के वरिष्ठ उप प्रधान जीवन शर्मा के सुझाव पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 23 मार्च के बजाए अब श्री ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ के चुनाव 6 अप्रैल 2025 को रविवार के दिन किए जायेंगे। चुनाव की प्रक्रिया के लिए तीन सदस्यीय समिति का भी गठन किया गया। वर्तमान कार्यकारिणी के कोषाध्यक्ष धर्मवीर नारद ने बताया कि 6 अप्रैल 2025 को होने वाली आम जन साधारण सभा के अवसर पर तीन वर्षों के कार्यकाल और आय व्यय के लेखा जोखा सहित एक स्मारिका और नववर्ष के कैलेंडर का विमोचन भी किया जायेगा। सभा के अन्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलदेव कृष्ण शर्मा ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकारी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए शुभकामनाएं दीं।

