![]()
चंडीगढ़:-14 दिसंबर:-आरके विक्रमा शर्मा/ अनिल शारदा /करण शर्मा:—– बूंद बूद से घड़ा भर जाता है और बूंद-बूंद से भरे घड़े में से किसी को बूंद बूंद करके मदद भी की जा सकती है!! सागर से लाखों-करोड़ों जीव जंतु पक्षी पानी पीते हैं! प्यास बुझाते हैं! पर सागर खत्म नहीं होता है। इसी तरह नेक कमाई में से कुछ हिस्सा दान करने से धन संपदा कोष कभी भी खाली नहीं होता है। बल्कि इस जीवन सहित अगले जीवन का भी उद्धार हो जाता है। यही भारतीय सभ्यता, संस्कृति और धर्म संस्कृति की शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए ओम महादेव कांवड़ सेवा दल पंजीकृत चंडीगढ़ ने गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल डड्डू माजरा कॉलोनी में जरूरतमंद बच्चों को ट्रैक सूट उपलब्ध करवाए हैं।
इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए समाज सेविका पूनम धीरज कोठारी ने बताया कि ओम महादेव कांवड़ सेवा दल पंजीकृत चंडीगढ़ की समाजसेवी युवाओं की विशाल मंडली के प्रधान नरेश गर्ग, गौरव श्रीवास्तव, हनी गुलाटी, सोनू गर्ग, रिंकू, मोहित, अभिषेक एवम नवीन आदि ने अपनी नेक कमाई का कुछ हिस्सा एकत्रित करके गरीब पर जरूरतमंद विद्यार्थियों को ट्रैक सूट वितरित किए। तो विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे हैं। और सभी ने तालियां बजाकर मददगारों का सम्मान किया और आभार भी व्यक्त किया। उक्त समाजसेवी युवा प्रधान नरेश गर्ग ने बताया कि गरीब, लाचार और दिव्यांग बच्चों के लिए ट्रैक सूट बुनियादी जरूरत थी। जिसे पाकर सभी बच्चों के चेहरे चमक उठे। इससे इनके जीवन में अनुशासन और शिष्टाचार सहित स्वास्थ्य के प्रति रुझान बढ़ेगा। और इन्हें जिंदगी में कुछ लीक से हटकर कर गुजरने की तमन्ना भी जागृत होगी।
अल्फा न्यूज इंडिया की टीम ने भी अपने दौरे के दौरान पाया कि अनेकों जरूरतमंदों की, भूखे प्यासों की और गरीब अपाहिज लाचार विद्यार्थियों की समय-समय पर ओम महादेव कावड़ सेवक दल विभिन्न प्रकार से मदद करता देखा गया है। पिछले कई सालों से सर्दी की ठंडी रातों में ठिठुरते लोगों को उनके स्थानों पर जाकर चुपचाप कंबल ओढ़ाते और बांटते देखा गया है।

