![]()
चंडीगढ़ शुक्रवार 16 अक्टूबर 2026 आरके विक्रमा शर्मा हरीश शर्मा अश्वनी शर्मा रक्षत शर्मा—- हिमाचल की बेटी डॉ. अंजू शर्मा ने विश्व में रोशन किया प्रदेश का नाम, स्टैनफोर्ड–एल्सेवियर की विश्व के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में शामिल हिमाचल महासभा (रजि.), चंडीगढ़ ने डॉ. अंजू शर्मा की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर जताया गर्व, दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हिमाचल प्रदेश की प्रतिभाशाली बेटी डॉ. अंजू शर्मा ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट शोध कार्यों के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। जिला बिलासपुर के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बम के गांव कोटलू, डाकघर हटवाड़, तहसील घुमारवीं की निवासी डॉ. अंजू शर्मा को वर्ष 2026 की स्टैनफोर्ड–एल्सेवियर विश्व के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में स्थान प्राप्त हुआ है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।स्टैनफोर्ड–एल्सेवियर की यह प्रतिष्ठित वैश्विक सूची वैज्ञानिकों के शोध कार्यों और उनके प्रभाव का मूल्यांकन करने के लिए जानी जाती है। डॉ. अंजू शर्मा को यह मान्यता वर्ष 2025 में किए गए उनके शोध एवं प्रकाशित कार्यों के आंकड़ों के आधार पर सिंगल-ईयर रैंकिंग में मिली है। यह उपलब्धि उनके शोध कार्यों की गुणवत्ता, वैज्ञानिक योगदान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके कार्यों की पहचान को दर्शाती है।डॉ. अंजू शर्मा, हिमाचल महासभा (रजि.), चंडीगढ़ के सदस्य श्री बृज लाल शर्मा एवं श्रीमती अंजू शर्मा की सुपुत्री हैं। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार, गांव, जिला बिलासपुर और समूचे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है।हिमाचल महासभा (रजि.), चंडीगढ़ ने डॉ. अंजू शर्मा की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। महासभा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की बेटियां आज शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। डॉ. अंजू शर्मा की सफलता प्रदेश की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और ज्ञान के प्रति समर्पण से विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है।महासभा ने कहा कि डॉ. अंजू शर्मा की उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश, देश और हिमाचल महासभा को गर्व है। उनकी सफलता ने प्रदेश की प्रतिभा और शैक्षणिक उत्कृष्टता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। महासभा ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में भी अपने शोध कार्यों और उपलब्धियों से देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।हिमाचल की बेटी डॉ. अंजू शर्मा को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं। उनकी सफलता पूरे हिमाचल के लिए गर्व, प्रेरणा और सम्मान का प्रतीक है।


