![]()
चंडीगढ़ बृहस्पतिवार-30/07/2026 रक्षत शर्मा अनिल शारदा प्रस्तुति —–चंडीगढ़ साइबर क्राइम पुलिस ने 1.73 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड और फर्जी कॉल सेंटर संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 43 वर्षीय अजय सिंह उर्फ अजय सिंह मान निवासी बुराड़ी, दिल्ली के रूप में हुई है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, यह मामला 26 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया था। सेक्टर-45 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि खुद को अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड की अधिकारी बताने वाली एक महिला ने उसे एसबीआई क्रेडिट कार्ड की क्रेडिट लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया। महिला ने व्हाट्सएप के जरिए एक फर्जी गूगल फॉर्म का लिंक भेजा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने लिंक पर क्लिक किया, उसके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से करीब 1.73 लाख रुपये के अनधिकृत लेनदेन कर लिए गए। जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और फील्ड इनपुट के आधार पर पुलिस को दिल्ली में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर का पता चला। पहले चरण में 7 जनवरी 2026 को तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया, जो किराये के मकान से अमेरिकन एक्सप्रेस के अधिकारियों का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रही थीं। इसके बाद 22 जनवरी 2026 को हरिद्वार से सह-आरोपी सुशील कौशिक को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराने की बात कबूल की। अब मुख्य आरोपी अजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क, बैंक खातों और डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।


