![]()
बांदा:18 मई: अल्फा न्यूज़ इंडिया डेस्क:– अरब सागर से उठा ताउते तूफान का असर यहां भी रहा। गर्म हवाओं की दिशा बदलने से मंगलवार को मौसम खुशगवार हो गया। दिनभर बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाएं चलती रहीं। शाम को बारिश से गर्मी काफूर हो गई। अलबत्ता उमस से लोग बेचैन रहे।उधर, कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक तूफान से हुई बारिश किसानों के लिए मुफीद है। सही समय पर बारिश होने से किसान खेतों की जुताई शुरू कर सकते हैं। दो दिन से बादल रहने से सूरज के तेवर तीखे नहीं रहे। 40 डिग्री सेल्सियस के इर्दगिर्द मंडरा रहा पारा मंगलवार को गिरकर 35 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। ताउते तूफान से बदले मौसम के मिजाज से लोगों ने गर्मी में राहत महसूस की। बादल छाए रहने और करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रहीं हवाओं से मौसम खुशगवार रहा। शाम होते ही मौसम ने पलटी मारी और करीब सात बजे बारिश शुरू हो गई। यह करीब 65 मिनट तक जारी रही।लगभग 30 मिलीमीटर बारिश होना बताया गया। राजकीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. दिनेश शाहा का कहना है कि अरब सागर के ऊपर हवा के दबाव व चक्रवाती तूफान का यहां आंशिक असर है। हवा में नमी का स्तर 70 से 85 प्रतिशत तक पहुंच गया। एक-दो दिनों तक मौसम का ऐसा ही मिजाज रहने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए यह बारिश बेहद मुफीद है। किसानों को इस नमी से खेतों में उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए हरी खाद ढैंचा व सनई की बुआई करनी चाहिए। खरीफ फसल के लिए खेतों की जुताई कर सकते हैं। साभार सीएन यूपी।

