प्रशासक की सख्ती, 58 नशा हॉटस्पॉट पर बढ़े निगरानी; पेडलरों के साथ लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी करें सख्त कार्रवाई

Loading

चंडीगढ़ शुक्रवार 11-09-2026 आरके विक्रमा शर्मा अनिल शारदा, अल्फा न्यूज़ इंडिया प्रस्तुति —- सोहणे शहर में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई तेज करने की तैयारी कर ली है। पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय, सेक्टर 9 डी, में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर नशे की सप्लाई और बिक्री रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में शहर में नशे के इस्तेमाल और पेडलिंग से जुड़े 58 हॉटस्पॉट चिन्हित किए जाने की जानकारी दी गई। बैठक में गवर्नर के अतिरिक्त मुख्य सचिव विवेक प्रताप सिंह आईएएस, गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़ आई ए एस, डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा आईपीएस, आईजीपी पुष्पेंद्र कुमार आईपीएस, सभी एसएसपी/एसपी, डीएसपी और थाना प्रभारी (एसएचओ) मौजूद रहे। प्रशासक ने पुलिस को निर्देश दिए कि नशा सप्लाई करने वाले लोगों, पेडलरों और उन इलाकों की पहचान की जाए जहां नशे की बिक्री या सेवन हो रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस थानों में बीट सिस्टम को मजबूत करने के साथ संवेदनशील इलाकों में फुट पेट्रोलिंग और अचानक निरीक्षण बढ़ाने पर भी जोर दिया। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि नशे के खिलाफ कार्रवाई में यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नशे की लत से जुड़ी दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए मेडिकल स्टोरों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों से नशे से जुड़ी जानकारी लेने के लिए गोपनीय और प्रभावी रिपोर्टिंग सिस्टम विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

888312

+

Visitors