![]()

चंडीगढ़ मंडी 20 जुलाई 2025 आरके विक्रमा शर्मा /रक्षत शर्मा+हरीश शर्मा /अनिल शारदा—-भीषण बरसात और बादल फटने की दुर्घटनाओं ने हिमाचल प्रदेश में तबाही के रिकॉर्ड तोड़े हैं। हद तो तब हुई जब ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में महज 24 घंटे में 17 बार बादल फटे और गांव, खेत खलिहान, पूरे का पूरे पहाड़ ही बाढ़ में बह गये। दर्जनों लोग और अनगिनत मवेशी पशु पक्षी अकाल मृत्यु का ग्रास बने। जान-माल तबाही ने दिल-दिमाग में प्रभु के कहर का खौफ पैदा कर दिया है। आखिर इतने लोगों का प्रभु के धर्म कर्म रजिस्टर में कैसा दर्ज था कि हिमाचली लोगों को इतनी भयावह कीमत चुकानी पड़ी। चारों ओर कहर का मंजर देख कर स्थानीय लोगों की नजरे और हाथ पहाड़ी देवी देवताओं की सम्मत उठे। इसके साथ-साथ मसीहा बनकर मददगारों के हाथ भी थुनाग के बाढ़ पीड़ितों और प्रभावितों के कंधों पर आ टिके। अपने हिमाचली भाइयों के दुख संताप में यहां वहां रसे रचे बसे पहाड़ियों ने दिल खोलकर हर संभव मदद देने में जुट गए।। इन्हीं मददगार लोगों में मंडी जिला के सुंदर नगर तहसील में स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के पूर्व पालिटेक्निकल छात्रों के संगठन ने खूब अपनेपन और मानवता को आगे रखते हुए मदद की एक प्रेरणादायक अच्छी उदाहरण रची है। इस बावत अधिक जानकारी स्थानीय सीनियर जर्नलिस्ट आरके विक्रमा शर्मा को देते हुए सुन्दरनगर पॉलीटेक्निक पूर्व छात्र संघ (SPSAA) के संस्थापक व मौजूदा प्रधान नरेंद्र प्रार्थी ने बताया कि दुःख की वीभत्स रौद्र घड़ी में संघ ने जिला मंडी के सिराज में आई प्राकृतिक आपदा हेतू राहत सामग्री की पहली खेप कल थुनाग पहुंचाई। इसमें 300 जीआई शीट्स, 80 तरपाल एवं 300 के लगभग सैनेटरी किट्स बाढ़ प्रभावितों को उपलब्ध कराई गई हैं। सुन्दरनगर पॉलीटेक्निक पूर्व छात्र संघ के संस्थापक एवं प्रधान ईजी. नरिन्द्र प्रार्थी ने बताया कि पूर्व छात्र संघ हमेशा सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहता है। इस से पूर्व भी उक्त संघ द्वारा नेरचौक मेडिकल कालेज हेतू 25 लाख रुपये की लागत वाली एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई थी। इसके अलावा भी बहुतकनीकी के गरीब छात्रों को छात्रवृति तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों में समय समय पर बढ़चढ कर मदद योगदान देने में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। संघ के संस्थापक और प्रधान प्रार्थी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संघ अपने बलबूते पर हमेशा भविष्य में भी परोपकार, देशभक्ति और जरूरतमंदों की हर संभव मदद करते रहेंगे। संघ की हमेशा सेवा भाव में तत्पर रहती कार्यकारिणी के पदाधिकारियों नें सुन्दरनगर पॉलीटेक्निक पूर्व छात्र संघ के सभी मददगार सदस्यों का हमेशा साथ देने हेतु आभार व्यक्त किया। नरेंद्र प्रार्थी ने देश-प्रदेश में बसने वाले हिमाचली भाइयों से पुरजोर अपील की है कि प्राकृतिक आपदा के इस विषम संकट दौर में अपने हिमाचली भाइयों और पीड़ित परिवारों का भरपूर सहयोग करें। उन्हें फिर से अपने जीवन यापन का मार्गदर्शन ढांढ़स और हर प्रकार का बुनियादी अनिवार्यता का सहयोग समर्थन व साथ दें।

