पंचकूला:- 30 अगस्त:- आरके विक्रमा शर्मा हरीश शर्मा करण शर्मा प्रस्तुति:—+ नेपाली वेलफेयर सोसाईटी (रजि.) भारत ने सूद भवन, सेक्टर 10 पंचकूला में दोपहर 1 बजे से सायं 6 बजे तक नेपाली महिलाओं का महान धार्मिक पर्व हरितालिका तीज कार्यक्रम धूमधाम से मनाई। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम/नागरिक सम्मान कार्यक्रम व हरितालिका तीज बिक्रम सम्बत 2079 के उपलक्ष में शुभकामनाएं आदान प्रदान कार्यक्रम आयोजन किया। कार्यक्रम में हरियाणा बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव रंजीता मेहता मुख्यातिथि रहीं। राष्ट्रीय एवं स्थानीय कलाकार व बाल-बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। सोसाईटी के सचिव खेम नाथ शर्मा ने बताया कि भारत-नेपाल मैत्री संबंधों को और मजबूत करने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे। रंजीता मेहता ने आयोजकों को बधाई दी और कहा कि तीज पर्व से तो सब परिचित हैं, लेकिन तीज के कुछ दिन पूर्व से ही इस पर्व को धूम धाम से मनाने की परंपरा नेपाल में है। पंचकूला शहर में नेपाली समाज का एक बड़ा वर्ग निवासरत है। यहां आकर बसा नेपाली समाज यहां के लोगों से घुल-मिल चुका है। शादी-विवाह भी यहीं होने लगे हैं। समाज के लोग हर व्रत, त्योहार को उत्साह से मनाते हैं। खासकर हरितालिका तीज का नेपाली समाज में बड़ा महत्व है। सुहागिन महिलाएं मिलजुल कर उत्सव मनाने की तैयारी करती हैं। नेपाल में एक सप्ताह पूर्व से ही तीज उत्सव शुरू हो जाता है। यह उत्सव पंचकूला में रहने वाले नेपाली समाज की महिलाएं मिलकर मना रही हैं। इस दौरान महिलाएं सुंदर परिधानों में नजर आईं हैं।