राशियां हमारे जीवन का करती हैं सटीक मार्गदर्शन

Loading

चंडीगढ़:-19 फरवरी: आरके शर्मा विक्रमा/ करण शर्मा:– बुद्धि और वाणी के ग्रह बुध वर्तमान समय में मकर राशि एवं श्रवण नक्षत्र पर गोचर करते हुए 21 फरवरी की सुबह 6 बजकर 18 मिनट पर मार्गी हो रहे हैं। ये 30 जनवरी की रात्रि 9 बजकर 16 मिनट पर वक्री हुए थे। इनके मार्गी होने के फलस्वरूप युवाओं पर तो सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा ही शिक्षण के क्षेत्र, बैंकिंग सेक्टर तथा शेयर बाजार के क्षेत्र से भी सुखद समाचार प्राप्त होंगे। मिथुन एवं कन्या राशि के स्वामी बुध मीन राशि में नीचराशिगत तथा कन्या राशि में उच्चराशि गत संज्ञक माने गए हैं। मकर राशि में गोचर करते समय इनके मार्गी होने का सभी राशियों पर कैसा प्रभाव रहेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।

मेष राशि–राशि से दशम भाव में मार्गी बुध कार्य व्यापार में अप्रत्याशित उन्नति देंगे। लाभ मार्ग प्रशस्त होगा। रोजगार की दिशा में किया गया प्रयास सार्थक रहेगा। अपनी ऊर्जाशक्ति का पूर्ण उपयोग करते हुए कार्य करेंगे तो अच्छी सफलता हासिल करेंगे। शीर्ष नेतृत्व से संबंध बिगड़ने न दें। सरकारी सर्विस के लिए आवेदन करना बेहतर रहेगा।

वृषभ राशि:—–राशि से भाग्यभाव में मार्गी बुद्ध भाग्य उन्नति तो कराएंगे ही धर्म एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में गहरी रूचि रहेगी। संतान संबंधी चिंता से मुक्ति मिलेगी। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों के लिए इनका शुभफल अति लाभ देने वाला रहेगा। विदेशी कंपनियों में सर्विस अथवा नागरिकता के लिए किया गया आवेदन सफल रहेगा।

मिथुन राशि—राशि से अष्टम भाव में मार्गी बुध का फल मिलाजुला रहेगा। पारिवारिक कलह एवं मानसिक अशांति का सामना करना पड़ेगा। स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा। पेट संबंधी विकार, दवाओं के रिएक्शन तथा चर्म रोग से बचें। उच्चाधिकारियों से संबंध बिगड़ने न दें। कोर्ट कचहरी के मामले भी आपस में सुलझा लेना समझदारी होगी।

कर्क राशि–राशि सप्तम भाव में मार्गी बुध कई तरह के सुखद परिणाम दिलाएंगे। दांपत्य जीवन में मधुरता आएगी। शादी विवाह से संबंधित वार्ता सफल रहेगी। ससुराल पक्ष से भी सहयोग की उम्मीद। सरकारी विभागों में प्रतीक्षित कार्यो का निपटारा होगा विदेशी कंपनियों में सर्विस अथवा विदेशी नागरिकता के लिए आवेदन करना सफल रहेगा।

सिंह राशि-
राशि से छठे भाव में मार्गी अवस्था में गोचर करते हुए बुध गुप्त शत्रुओं की वृद्धि करेंगे। स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा। यात्रा देशाटन का लाभ मिलेगा। अत्यधिक खर्च के कारण आर्थिक तंगी का सामना भी करना पड़ सकता है। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों को परीक्षा में अच्छे अंक के लिए कठिन प्रयास करने होंगे।

कन्या राशि-
राशि स्वामी बुध का मूल त्रिकोण में मार्गी होना किसी वरदान से कम नहीं है। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों के लिए तो समय अति अनुकूल रहेगा। व्यापारियों के लिए भी सफलता के नए द्वार खुलेंगे। किसी भी तरह के नए अनुबंध पर हस्ताक्षर करना हो तो अवसर अनुकूल है। जमीन जायदाद से जुड़े मामलों का निपटारा होगा।

तुला राशि-
राशि से चतुर्थभाव में गोचर करते हुए मार्गी बुध मकान-वाहन के क्रय का योग तो बनाएंगे किंतु पारिवारिक कलह एवं मानसिक अशांति का सामना भी करना पड़ सकता है। अत्यधिक भागदौड़ से थकान का अनुभव करेंगे। धर्म एवं आध्यात्म के क्षेत्र में गहरी रूचि रहेगी। सामाजिक पद प्रतिष्ठा बढ़ेगी। विदेश यात्रा अथवा देशाटन के योग बनेंगे।

वृश्चिक राशि-
राशि से पराक्रम भाव में गोचर करते हुए मार्गी बुध परिवार के वरिष्ठ सदस्यों तथा भाइयों से स्नेह में वृद्धि करेंगे। आपके द्वारा लिए गए और किए गए कार्यों की सराहना होगी। विद्यार्थियों अथवा प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों के लिए समय और अनुकूल रहेगा। लेखन के क्षेत्र में रुचि बढ़ेगी। विदेशी कंपनियों में सर्विस के लिए आवेदन करना सफल रहेगा।

धनु राशि-

राशि से धन भाव में गोचर करते हुए मार्गी बुध कई तरह के अप्रत्याशित परिणाम दिलाएंगे। परिवार के सदस्यों से संबंध बिगड़ने न दें। झगड़े-विवाद से दूर ही रहें। स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहें। आर्थिक पक्ष तो मजबूत होगा किन्तु विलासिता पूर्ण वस्तुओं पर अधिक खर्च करेंगे। रोजगार की दिशा में किए गए सभी प्रयास सफल रहेंगे। नए अनुबंध के प्राप्ति के भी योग।।

मकर राशि–राशि में ही गोचर करते हुए मार्गीबुध हर तरह से सुखद परिणाम ही दिलाएंगे। अपनी वाणी कुशलता के बलपर कठिन से कठिन हालात को भी नियंत्रित कर लेंगे। शासन सत्ता का पूर्ण सहयोग मिलेगा। सामाजिक पद प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता में बैठने वाले छात्रों के लिए समय और अनुकूल रहेगा। प्रेम संबंधी मामलों में प्रगाढ़ता आएगी।

कुंभ राशि-:-राशि से व्यय भाव में गोचर करते हुए बुध अधिक भागदौड़ और अपव्यय करवाएंगे। हो सकता है आप जितनी मेहनत कर रहे हैं उसका उतनाफल न मिले। विदेशी कंपनियों में सर्विस अथवा विदेशी नागरिकता के लिए आवेदन करना सफल रहेगा। स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहें। कोर्ट कचहरी से संबंधित मामले भी बाहर ही सुलझा लेना ठीक रहेगा।

मीन राशि–राशि से लाभभाव में गोचर करते हुए मार्गी बुध आय में वृद्धि करेंगे। काफी दिनों का दिया गया धन भी वापस मिलने की उम्मीद। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों तथा भाइयों से भी सहयोग मिलेगा। जमीन जायदाद से जुड़े मामलों का निपटारा होगा। सरकारी विभागों से  संबंधित कार्य संपन्न होंगे। संतान संबंधी चिंता से भी मुक्ति मिलेगी। साभार डीजे।।।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

533690

+

Visitors